बुधवार, 20 जनवरी 2016

ज्वालाओं में मुझे फेंक तू - केदारनाथ मिश्र ‘प्रभात’

ज्वालाओं में मुझे फेंक तू
जांच कर रहा कैसी!
हाय हरे! दारुण-नियन्त्रण
देखी कहीं न ऐसी!
कितनी तीव्र-आंच है इन
शोणित-शोषक-लपटों की!
जलकर भी न समझ पाई
माया तेरे कपटों की!

मांगा त्राण, कहा तू ने-
‘पापी, पाषाण मिलेगा।’
किन राखों में, कहां तलाशूं-
कब निर्वाण मिलेगा?

मेरे फूटे हुए भाग्य पर
मेघ-परी रोती है!
आंसू की शीतलता में
अंतर्ज्वाला सोती है!!
हृदय-चिता की लपटों में
उड़तीं विषाद की राखें-
आज उषा की छाया में
जीवन-संध्या होती है!!

पलक-पल्लवों से झरते हैं
ये चमकीले-दाने!
चुन लो धीरे-से आकर
तुम, हे मेरे दीवाने!

जीवन कितना सुंदर है - केदारनाथ मिश्र ‘प्रभात’

ना, इन फूलों पर न बनेगा
मन-मधुकर मतवाला!
अब न पियेगा स्वप्न-सुरभि-
मदिरा का मादक प्याला!!
कांटों में उलझा देना
जीवन कितना सुंदर है!
सुंदरतर है जीवन की
नैराश्य-आग की ज्वाला!!

आ सखि व्यर्थ! आज मैं तेरी
वंशी मधुर बजाऊं!
हरियाले उन्माद-कुंज का
वनमाली कहलाऊं!

तू आया है आज लूटने को
सर्वस्व हमारा!
छीन, क्षितिज में छिप जाने को
जीवन का सुख सारा!
कुचलेगा पंखड़ियां तू
सौरभ ले उड़ जाएगा!
होगा फिर क्या बेचारे
मधुकर का बोल, सहारा?

ठहर, ठहर, क्षण-मात्र ठहर तू
मत कर यों मनमानी!
हाय! कलेजा टुकड़े-टुकड़े
होगा रे अभिमानी!

आज भूलने दो अतीत को - केदारनाथ मिश्र ‘प्रभात’

सर्वनाश! देखा था उस दिन
जीवन के तम में साकार,
अलसाया-सा पड़ा हुआ था
वह तेरा विराट शृंगार!
तारों के धुंधले-प्रकाश में
होता था तेरा सपना,
अपनापन के अंधकार में
खोज रहा था मैं ‘अपना’।

उसी समय सुन पाया तेरा
नीरव मर्मांतक आह्वान!
अकरुण! तेरे अग्नि-अधर पर
नाच उठा मैं बन कर गान!

तार न खींचो, हाय! हृदय में
नाच उठेगी व्यथा अरे!
पल में प्रलय मचेगा मेरे
अंतस्तल में हरे हरे!!
आज भूलने दो अतीत के
उन छायामय सपनों को;
रुको संजो लूं इन दानों को,
पड़े हुए हैं जो बिखरे!

संध्या की मलीन-छाया
होती है-उसे विदा कर दो!
मेरी वीणा में-अपने
प्राणों का मृदुल-गीत भर दो!

देवता की याचना - केदारनाथ मिश्र 'प्रभात'

इतना विस्तृत आकाश-अकेला मैं हूँ 
तुम अपने सपनों का अधिवास मुझे दो। 
नीला-नीला विस्तार, हिलोरों में यों ही बहता हूँ 
सूनी-सूनी झंकार, न जाने क्यों उदास रहता हूँ 
यह अमृत चाँद का तनिक न अच्छा लगता 
प्रिय! तुम अपनी रसवंती प्यास मुझे दो। 
कण-कण में चारों ओर छलकती नृत्य-चपल मधुबेला 
झूमे-बेसुध सौंदर्य, लगा है मधुर रूप का मेला 
ऐसी घडियों का व्यंग न सह पाता हूँ 
तुम अपने प्राणों का उच्छ्वास मुझे दो। 
नंदन के चंदन से शीतल छंदों की क्यारी-क्यारी 
सब कुछ देती, देती न मुझे मैं चाँ जो चिनगारी 
रम जाऊँ मैं जिसके अक्षर-अक्षर में 
वह गीली पलकों का इतिहास मुझे दो। 
यह देश तुम्हारे लिए बसाया मैंने सुघर-सलोना 
कोमल पत्तों के बीच जहाँ ओसों का चाँदी-सोना 
उतरूँगा सुख से मैं अंकुर-अंकुर में 
तृण-तरु में मिलने का विश्वास मुझे दो। 

हिमालय - केदारनाथ मिश्र ‘प्रभात

अरे हिमालय! आज गरज तू
बनकर विद्रोही विकराल!
लाल लहू के ललित तिलक से
शोभित करके अपना भाल।
विश्व-विशाल-वीर दिग्विजयी!
अभिमानी अखंड गिरिराज!
साज, साज हां आज गरजकर
क्रांति-महोत्सव के शुभ-साज
शंखनाद कर, सिंह-नाद कर
कर हुंकार-नाद भयमान!
पड़े कब्र के भीतर मुर्दे
दौड़ पड़ें सुनकर आह्वान।

सोमवार, 18 जनवरी 2016

यक़ीन है कि गुमाँ है मुझे नहीं मालूम - अबरार अहमद

।यक़ीन है कि गुमाँ है मुझे नहीं मालूम
ये आग है कि धुआँ है मुझे नहीं मालूम

ये हर तरफ़ है कोई महफ़िल-ए-तरब बरपा
कि बज़्म-ए-ग़म-ए-ज़दगाँ है मुझे नहीं मालूम

लिए तो फिरता हूँ इक मौसम-ए-वजूद को मैं
बहार है कि ख़िज़ाँ है मुझे नहीं मालूम

वो रंग-ए-गुल तो उसी ख़ाक में घुला था कहीं 
मगर महक वो कहाँ है मुझे नहीं मालूम 

ख़बर तो है कि यहीं क़र्या-ए-मलाल भी है 
ये कौन महव-ए-फ़ुगाँ है मुझे नहीं मालूम

मैं तुझ से दूर उसी दश्त-ए-ना-रसी में हूँ गुम
इधर तू नौहा-कुनाँ है मुझे नहीं मालूम 

ये दाग़-ए-इश्क़ जो मिटता भी है चमकता भी है 
ये ज़ख़्म है कि निशाँ है मुझे नहीं मालूम

गुज़रता जाता हूँ इक अर्सा-ए-गुरेज़ से मैं 
ये ला-मकाँ कि मकाँ है मुझे नहीं मालूम 

रवाँ-दवाँ तो है ये जू-ए-ज़िंदगी हर दम
मगर किधर को रवाँ है मुझे नहीं मालूम 

ये कशमकश जो मन-ओ-तू के दरमियाँ है सो है 
मियान-ए-सूद-ओ-ज़ियाँ है मुझे नहीं मालूम 

ये कू-ए-ख़ाक है या फिर दयार-ए-ख़्वाब कोई
ज़मीन है कि ज़माँ है मुझे नहीं मालूम 

यहीं कहीं पे वो ख़ुश-रू था आज से पहले 
मगर वो आज कहाँ है मुझे नहीं मालूम

कि जैसे कुंज-ए-चमन से सबा निकलती है - अबरार अहमद

कि जैसे कुंज-ए-चमन से सबा निकलती है
तिरे लिए मेरे दिल से दुआ निकलती है 

क़दम बढ़ाऊँ तिरे रहगुज़ार है आख़िर
मगर ये राह कहीं और जा निकलती है 

यहीं कहीं पे रस्ता दवाम-ए-वस्ल का भी 
यहीं कहीं से ही राह-ए-फ़ना निकलती है 

ज़रूर होता है रंज-ए-सफ़र मसाफ़त में
कि जैसे चलने से आवाज़-ए-पा निकलती है 

यहाँ वहाँ किसी चेहरे में ढूँडते हैं तुम्हें
हमारे मिलने की सूरत भी क्या निकलती है 

हर एक आँख में होती है मुंतज़िर कोई आँख
हर एक दिल में कहीं कुछ जगह निकलती है

जो हो सके तो सुना ज़ख़्मा-ए-ख़मोशी को 
कि उस से खोए हुओं की सदा निकलती है 

हम अपनी राह पकड़ते हैं देखते भी नहीं 
कि किस डगर पे ये ख़ल्क-ए-ख़ुदा निकलती है